थाने में कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप, एसपी ने कहा- मामले की जांच जारी, जल्द होगी आवश्यक कार्रवाई
नवगछिया में एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर उसकी सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि नवगछिया थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, किशोरी गुरुवार की सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने परिजनों को बताया कि किशोरी को एक नाबालिग लड़के के साथ देखा गया था।

इस सूचना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। हालांकि उनका आरोप है कि थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचना पड़ा।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किशोरी की तलाश के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी के लापता होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बच्ची की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।

