राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर कोढ़ा थाना के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी में सोमवार की दोपहर बाइक से फिसल कर गिरे पति-पत्नी को तेज गति से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। इस घटना में दंपती की मौके पर ही मौत हो गयी।
पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी निवासी अजीत कुमार मंडल (22 वर्ष) रक्षा बंधन को लेकर अपनी पत्नी के साथ नवगछिया मकंदपुर के हरनाचक में अपने ससुराल आया था। रविवार को वह पत्नी को लेकर बाइक से ही बड़हरा कोठी लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर फेंके गये कचरे के कारण उसकी बाइक फिसल कर गिर गयी जिससे पति-पत्नी दोनों गिर गये। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रहे ट्रक ने नवदंपती को कुचल दिया जिससे दोनों की मौत घटनास्थल पर हो गयी।

घटना की सूचना बाजार के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया तथा लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। चेहरा कुचल जाने के कारण पहले पहचान में कठिनाई आ रही थी। बाद में मृतक के पास मिले मतदाता पहचान पत्र के आधार पर पहचान की गई। इसके बाद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई।

मौके पर पहुंचे मृतका के पिता किरो मंडल ने बताया कि 28 जुलाई को अपनी पुत्री प्रियंका की शादी बड़हरा कोठी के अजीत कुमार मंडल से कराई थी। रक्षाबंधन के बाद बेटी को विदाई दी थी। दंपती की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।


