नवगछिया: शादी समारोह में अवैध हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग करने के मामले में नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी बासुकी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने शनिवार को बताया कि 22 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक शादी समारोह के दौरान खुलेआम अवैध हथियार लहराते और हर्ष फायरिंग करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की और गोपालपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा निवासी बासुकी कुमार को महेशपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बासुकी कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत पांच गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

एसपी ने कहा कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन, हर्ष फायरिंग और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....