नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने गोपालपुर थाना क्षेत्र के अजमाबाद गांव में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार, यहां अवैध रूप से देशी हथियारों का निर्माण और खरीद-बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।

नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को 16 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अजमाबाद गांव में ऋषि कुमार के घर में अवैध हथियारों का निर्माण और कारोबार चल रहा है।

सूचना पर गठित की गई विशेष टीम

गुप्त सूचना का सत्यापन करने के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की, जहां अवैध हथियार निर्माण से जुड़ी गतिविधियों का खुलासा हुआ।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अधनिर्मित आग्नेयास्त्र, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए।

मौके से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 285/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला आरोपी का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोपालपुर थाना में कांड संख्या 133/23 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अनिकेत अमर और डीएसपी मुख्यालय मनोज सुमन भी मौजूद रहे।

अवैध हथियार के खिलाफ अभियान जारी

नवगछिया पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *