नवगछिया: विभिन्न प्रखंडों के लोगों के लंबे समय से लंबित कई मामलों का समाधान नवगछिया लोक शिकायत निवारण कार्यालय के हस्तक्षेप से हो गया। संबंधित विभागों में बार-बार आवेदन देने के बावजूद जिन मामलों का निष्पादन नहीं हो पा रहा था, वे लोक शिकायत निवारण कार्यालय में सुनवाई के बाद समयबद्ध तरीके से निपटाए गए।
Total Downloads: 40
खरीक प्रखंड के हकीकतपुर निवासी विकास शर्मा और मुकेश ठाकुर को नल-जल योजना में पंप संचालक के रूप में कार्य करने के बावजूद छह माह का मानदेय नहीं मिला था। दोनों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और पंचायत सचिव से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 8 मई 2026 को उन्होंने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में परिवाद दायर किया। चार चरणों में हुई सुनवाई के बाद संबंधित विभाग ने उनका लंबित मानदेय जारी कर दिया।
इसी तरह बिहपुर प्रखंड की विक्रमपुर पंचायत निवासी डोमिनी खातून को मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बीडीओ कार्यालय और पंचायत सचिव के पास कई बार जाने के बावजूद उनका आवेदन लंबित रहा। अंततः उन्होंने 20 अप्रैल 2026 को लोक शिकायत निवारण कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। सुनवाई के बाद प्रखंड प्रशासन ने उनका मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया।

वहीं, अनिमेष कुमार भगत की वंशावली निर्गत करने का मामला भी लंबे समय से लंबित था। लोक शिकायत निवारण कार्यालय में आवेदन और सुनवाई के बाद संबंधित प्रखंड कार्यालय ने उनकी वंशावली भी जारी कर दी।
लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि कार्यालय में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित सुनवाई की जाती है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित कराया जाता है। उन्होंने कहा कि अब तक अनेक लंबित मामलों का सफलतापूर्वक समाधान कराया जा चुका है तथा कार्यालय आम लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
