नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के चपर गांव में बुधवार दोपहर बारिश के दौरान गड्ढे में जमा पानी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पानी में डूबने से नौ वर्षीय शन्नी कुमार की मौत हो गई, जबकि प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

शन्नी कुमार चपर वार्ड नंबर-9 निवासी सुधीर सहनी का पुत्र था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार दोपहर चार बच्चे गड्ढे में जमा पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान शन्नी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

घटना के बाद एक बच्चे ने दौड़कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक शन्नी की मौत हो चुकी थी। वहीं, प्रिंस बेहोशी की हालत में मिला।

प्रिंस को तत्काल रंगरा पीएचसी ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रिंस का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शन्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया है।

रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *