बिहपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिहपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिनव भारती को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बभनगामा पंचायत में पीसीसी सड़क निर्माण योजना में 60.82 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
Total Downloads: 80
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाकपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य निरंजन चौधरी ने किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2019 में निर्मित पीसीसी सड़क को ही दोबारा नई योजना के रूप में दर्शाकर 60.82 लाख रुपये की योजना स्वीकृत की गई, जबकि मौके पर कोई नया निर्माण कार्य नहीं कराया गया।
भाकपा नेताओं का कहना है कि संबंधित स्थल पर नई सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, लेकिन वहां दो अलग-अलग शिलापट्ट लगाए गए हैं, जिससे सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
भाकपा नेताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है और यदि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आती हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
