नवगछिया: भागलपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं अजय सिंह ने मंगलवार को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, इलाज की गुणवत्ता, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
Total Downloads: 135
अपर निदेशक ने अस्पताल के ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष, महिला एवं पुरुष वार्ड, पैथोलॉजी, टीकाकरण कक्ष सहित शौचालय, पेयजल, बिजली व्यवस्था और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाओं के स्टॉक, मरीजों के उपचार से जुड़े अभिलेखों तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

अजय सिंह ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इलाज, दवा वितरण, स्वच्छता या मरीजों की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखें।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाएंगे। जहां भी किसी प्रकार की कमी या अनियमितता मिलेगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
