खरीक : खरीक थाना क्षेत्र के खैरपुर में रविवार की रात आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने भागलपुर जीरोमाइल बहादुरपुर के युवक प्रभात रंजन उर्फ मुन्ना की जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया. गांव के कुछ प्रबुद्धजनों ने युवक की हो रही सामूहिक पिटाई से बचाव किया. तब तक युवक अधमरा हो चुका था ग्रामीणों की पिटाई से युवक के शरीर पर गंभीर जख्म उभर आए स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना खैरपुर के सरपंच पुष्पा देवी को दी. सरपंच ने युवक को आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ के कोप से बचाया और घटना की सूचना खरीक पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को ग्रामीणों के आक्रोश से बचाकर खरीक सीएचसी में उपचार कराया. फिलहाल युवक को खरीक थाना में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. इस संदर्भ में सोमवार की शाम समाचार संप्रेषण करने तक युवक के अपराध से संबंधित कोई आवेदन पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ था.युवक के शरीर पर ऐसा कोई भाग नहीं जहां जख्म नहीं हो. गंभीर पिटाई से युवक की हालत नाजुक बनी हुई है.
Total Downloads: 83
क्या है मामला
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रभात रंजन उर्फ़ मुन्ना अक्सर खैरपुर के एक परिवार गौरी शंकर मंडल के परिवार के के संपर्क में आया. प्रभात ने बहुत ही कम समय में गौरी शंकर के परिवार में अपनी जगह बना ली. गौरीशंकर बाहर मजदूरी करता है. नौकरी लगवाने के एवज में प्रभात ने महिला से नगद रुपये ऐंठ लिए थे. घर पर महिला सदस्यों का रहना होता है .गौरी के गैर मौजूदगी में प्रभात रंजन उर्फ मुन्ना का रोज आना -जाना बना रहता था. ग्रामीणों को यह बातें नागवार गुजर रही थी. बीते 1 सप्ताह से जब मन होता था मुन्ना गौरी के घर में प्रवेश कर जाता था और सुगमता से फिर वापस भागलपुर की ओर रवाना भी हो जाता था. रोज रोज इस तरह की हरकतें देख ग्रामीण उब चुके थे. आखिरकार रविवार की रात करीब 7:00 बजे जैसे ही प्रभात रंजन उर्फ मुन्ना महिला के घर में प्रवेश किया .

अगल-बगल के ग्रामीण आक्रोशित हो गए .पड़ोस के लोगों ने मुन्ना को सबक सिखाने की को लेकर सभी ग्रामीण एक मत हो गए .जैसे ही घर से निकलकर मुन्ना भागलपुर की ओर रवाना होता, तब तक पहले ही ताक लगाए ग्रामीणों ने प्रभात रंजन उर्फ मुन्ना को अपने कब्जे में लेकर जमकर पिटाई करना शुरू कर दिया. कोई थप्पड़ से, कोई घुसे से, कोई डंडे से लोगों ने जम कर पीटा. जिसको जो मिला उसी से पिटाई करना शुरू कर दिया. लोगों ने जमकर हाथ साफ किया. जिससे युवक गंभीर रुप से चोटिल और घायल हो गया. आक्रोशित भीड़ ने विधि व्यवस्था को अपने हाथों में लेकर युवक पर जानलेवा प्रहार किया जिससे युवक अधमरा हो गया. युवक ने महिला को नौकरी लगाने का झांसा दिया था. नौकरी लगवाने के एवज में प्रभात ने महिला से नगद रुपये ऐंठ लेने के बाद प्रभात का आना जाना बढ़ गया था. पूछे जाने पर खरीक थानाध्यक्ष सुदीन राम ने कहा की युवक पुलिस अभिरक्षा में है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पिटाई करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी आक्रोशित भीड़ के हत्थे चढ़े युवक
बीते साल मवेशी की चोरी करने आए चोरों में से एक युवक को बगड़ी के ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर पिटाई किया कर अधमरा कर दिया था. वही बीते साल बगड़ी में एक घर के सामने एक युवक खड़ा था. घर के लोगों ने चोर चोर कह कर शोर मचाया और आसपास के सभी ग्रामीण इकट्ठे हो गए. आक्रोशित भीड़ ने युवक को जमकर पीटा और अधमरा कर दिया. वही 4 साल पूर्व गोटखरीक कब्रगाह के नजदीक एक अनजान युवक पर ग्रामीणों ने बच्चा चोर का आरोप लगाकर अज्ञात अजनबी मानसिक रुप से विक्षिप्त युवक पर हमला बोल दिया और ईंट से कुचलकर हत्या कर दी.इस संदर्भ में भीड़ के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी. आए दिन आक्रोशित भीड़ द्वारा निहत्थे लोगों पर कोई न कोई आरोप लगाकर हत्या कर देने की बात आम हो गई है. रामगढ़ में बीते दिनों एक व्यक्ति पर आरोप लगाकर आक्रोशित भीड़ द्वारा व्यक्ति की हत्या कर दी गई. राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है. लेकिन फिर भी ग्रामीण विधि व्यवस्था और कानून को अपने हाथों में लेने से नहीं चूक रही है.ऐसी परिस्थितियों से निपटना अब ग्रामीणों और पुलिस के लिए भी एक चुनौती बनी हुई है.

