खगड़िया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर शुक्रवार सुबह भागलपुर-खगड़िया सीमा के पास गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि दुर्घटना के बाद ट्रक या उसमें लदे सिलेंडरों में आग नहीं लगी और बड़ी अनहोनी टल गई।
Total Downloads: 272
घायल ट्रक चालक के अनुसार, वह रातभर वाहन चला रहा था। शुक्रवार सुबह भागलपुर-खगड़िया सीमा के पास पहुंचने पर उसे अचानक नींद की तेज झपकी आ गई। इसी दौरान वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और सिलेंडरों से लदा भारी ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद ट्रक में लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर एक साथ सड़क किनारे पड़े होने से कुछ समय के लिए मौके पर लोगों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि दुर्घटना के बाद आग या किसी बड़े विस्फोट की घटना नहीं हुई।

112 टीम ने घायल चालक को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के केबिन में फंसे घायल चालक को पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों की देखरेख में चालक का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि NH-31 पर यातायात सामान्य हो सके।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में चालक की नींद को दुर्घटना का कारण बताया गया है।
