विक्रमशिला पहुंच पथ पर देर रात की घटना, एसडीपीओ बोले— जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
Total Downloads: 131
नवगछिया: परवत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस का नाम लेकर कथित अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक निजी व्यक्ति ने खुद को परवत्ता थाना का निजी स्टाफ बताकर एक पिकअप चालक से रुपये की मांग की। घटना रविवार देर रात करीब 12:30 बजे विक्रमशिला पहुंच पथ पर हुई।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर से आ रही एक पिकअप वाहन को एक व्यक्ति ने बीच रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसने चालक से कहा कि वैभव पेट्रोल पंप के पास परवत्ता थाना की गश्ती गाड़ी खड़ी है और वाहन से अवैध तस्करी की जा रही है। इस मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उसने चालक से 600 रुपये की मांग की।

चालक का कहना है कि वह उस व्यक्ति को नहीं पहचानता था और वह सादे लिबास में था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। जब चालक ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख चालक ने वहां से निकलने के लिए 100 रुपये देकर मामला खत्म करना उचित समझा।
मामले पर नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने कहा कि शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, परवत्ता थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यदि मामला सत्य पाया जाता है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह मामला चालक द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस ने जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।
