
नवगछिया : नवगछिया में 15 दिन पहले आयी बाढ़ ने नवगछिया की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है. नवगछिया शहर में इन दिनों बमुश्किल चार धंटे भी बिजली नहीं दी जा रही है. दूसरी तरफ नवगछिया नगर के ही उजानी, मील टोला, राजेंद्र कॉलोनी को नवगछिया शहर से भी कम बिजली मिल रही है. जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है. समान बिजली की मांग को लेकर उजानी गांव में रविवार को बिजली कर्मियों को ग्रामीणों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा था. नवगछिया नगरपंचायत के मीलटोला निवासी अभविप के विवि प्रमुख अजय कुमार सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश राणा, मो नईम, नरेश साह आदि ने कहा कि अगर बिजली विभाग चाहे तो नवगछिया को पूर्ववत बिजली मिल सकती है. लेकिन पदाधिकारी लापरवाह हैं. मालूम हो कि नवगछिया पावर सब स्टेशन में बाढ़ का पानी चले जाने के कारण नवगछिया को रंगरा से बिजली आपूर्ति किया जा रहा है. विभिन्न फीडरों को बिजली बंटवारे में आ रही दिक्कतों के कारण नवगछिया बाजार और अन्य जगहों पर बिजली कम मिल रही है.


खरीक और बिहपुर में भी बिजली की किल्लत
इधर खरीक और बिहपुर के लोगों को भी बिजली किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. खरीक में भी महज पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है. मालूम हो कि इन दिनों खरीक को बिजली की आपूर्ति बिहपुर ग्रीड से की जा रही है जिससे बिहपुर में भी 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है.
मोबाइल चार्ज पर भी आफत
नवगछिया के अधिकांश युवक मोबाइल चार्ज करने के लिए परेशान रहते हैं. कारण है कि अधिकांश युवा एंड्रॉइड फोन रख रहे है. बिजली के आभाव में सोसल मीडिया पर भी ख़ामोशी देखा जा सकता है तो मोबाइल खुलते ही लोग बिजली पर चर्चा करते दिख रहे हैं.
फोन नहीं उठाते पदाधिकारी
बिजली विभाग के सहायक अभियंता इन दिनों फोन नहीं उठा रहे हैं. 7763814432 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन फोन नहीं उठाया गया.

