नवगछिया/रंगरा: रंगरा थाना क्षेत्र के दास टोला में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान दास टोला निवासी सुबोध राजपाल और सुनीता देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
घायल सुबोध राजपाल ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी ललन राजपाल, अनुज राजपाल, विकास राजपाल और रिंकी देवी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान जब सुनीता देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों का इलाज कराया। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे भय और तनाव के माहौल में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रंगरा थाना प्रभारी विश्व बंधु ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

