नारायणपुर: बिहपुर थाना क्षेत्र के मिल्की निवासी मो. सरफराज अंसारी की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बारीक अंसारी और जहीर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हैंडपंप का लोहे का हैंडल भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक के भाई अमीर हमजा द्वारा दर्ज कराए गए प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। दर्ज शिकायत में बताया गया है कि 26 जून की दोपहर मो. सरफराज अंसारी की पत्नी मेहरुन्निसा के भोजन लाने में देरी होने को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया था।

आरोप है कि विवाद के दौरान शोर सुनकर पहुंचे सरफराज के ससुर बारीक अंसारी और साले जहीर अंसारी ने हैंडपंप के हैंडल से सरफराज और अमीर हमजा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शनिवार को मो. सरफराज अंसारी की मौत हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....