पटना : मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस सेंट्रल जेल में बंद कैदियों में से एक सजायाफ्ता कैदी हिमांशु सिंह का मोबाइल पर बात करता हुआ फोटो सोशल मीडिया पर सोमवार की सुबह से ही वायरल हो गया। डीएम धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी होने पर जब क्लास लगाई तो जेल प्रशासन की बेचैनी बढ़ गई।
पूछताछ में बंदी ने दो साल पहले की तस्वीर वायरल होने की बात कही। वह दो साल पूर्व भी इसी जेल में बंद था। इसके बाद तुरत कार्रवाई करते हुए उक्त बंदी को सेल में डाल दिया गया। उसके खिलाफ मिठनपुरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
साहेबगंज थाना के चौकीदार के पुत्र नित्यम की चाकू से गोद कर शहर के गोबरसही में हत्या कर दी गई थी। नित्यम अपने भाई के साथ गोबरसही में किराए के मकान में रह रहा था। गांव के विवाद में उसकी हत्या की गई थी। सदर थाने की पुलिस ने उस मामले में साहेबगंज के हिमांशु सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कोर्ट में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। 3 वर्षों से वह जेल में है।


