मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी का पदभार ग्रहण करने के बाद तेज तर्रार आईपीएस मनु महाराज पहली बार खगड़िया पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि शहीद दारोगा आशीष हत्याकांड का बदला लिया जाएगा। हत्यारोपी दिनेश मुनि कहीं भी छिपा हो उसे दबोच लिया जाएगा। आशीष की शहादत बेकार नहीं जाएगी।
Total Downloads: 176
डीआईजी मनु महाराज ने मंगलवार को खगड़िया में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्राइम कंट्रोल, लॉ एवं ऑर्डर मेंटेनेंस के साथ-साथ पुलिस पब्लिक रिलेशन बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आम पब्लिक पुलिस से जुड़े और अपनी समस्याओं को रखें। अगर किसी भी प्रकार की सूचना हो तो वे लोग थानाध्यक्ष से लेकर डीआईजी तक दें। ताकि पुलिस कार्रवाई कर सके। कहा कि आम लोगों के समस्याओं को दूर करने के लिए वे व्हाट्सएप ग्रुप बनाएंगे। पीड़ित इसमें अपनी समस्याएं रखेंगे। पुलिस ईमानदारीपूर्वक इन समस्याओं का समाधान करेगी।

एनएच लूटकांड का होगा उद्भेदन
डीआईजी मनु महाराज ने कहा कि एनएच 31 पर हुई लूटकांड के उद्भेदन की दिशा में पुलिस काम कर रही है। ड्राइवर व खलासी की हत्या कर ट्रक सहित उस पर लदा सामान लूट मामले की पुलिस गंभीरता से तफ्तीश कर रही है। सीतामढ़ी व अन्य क्षेत्र के अपराधिक गिरोह इस घटना में शामिल हो सकते हैं। कहा कि भूविवाद की समस्या दूर करने के लिए प्रत्येक शनिवार को सीओ व थानाध्यक्ष की उपस्थिति में जनता दरबार लगाया जा रहा है। समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह जिम्मेदारी निभाई जा रही है। एके 47 मामले में खगड़िया जिले के अपराधियों के तार भी खंगाले जा रहे हैं।

फरकिया की भौगोलिक स्थिति की ली जानकारी
डीआईजी का प्रभार लेने के बाद पहली बार खगड़िया पहुंचे मनु महाराज ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के भौगोलिक स्थिति जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये। कहा कि यह बैठक काफी महत्वपूर्ण रहा। जिले में हुई अपराधियों घटनाओं की समीक्षा करेंगे। क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
शराब जांच के लिए बनेगा प्वांइट
एनएच 31 होने के कारण दूसरे राज्यों से शराब की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। पुलिस संजीदगी से गाड़ियों की जांच करेगी। जांच के लिए एनएच पर जगह-जगह प्वाइंट बनाया जाएगा। ताकि अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई की जा सके। साथ ही शराब बरामद की जा सके।
मौके पर प्रभारी एसपी निधि रानी, एसडीपीओ आलोक रंजन, पीके झा, नक्सल अभियान एएसपी राजकुमार राज आदि मौजूद थे।

