नीलगाय से टकराई पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत, इंजन का हुड टूटा, 22 मिनट रुकी ट्रेन
Total Downloads: 471
नवगछिया। पटना से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को नीलगाय से टकरा गई। हादसे में ट्रेन के इंजन का हुड क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टक्कर के बाद नीलगाय ट्रैक से दूर जा गिरी और उसकी मौत हो गई। घटना भरतखंड और गौछारी स्टेशन के बीच शनिवार शाम करीब 4:53 बजे हुई।
नवगछिया रेलवे प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस पटना से दोपहर 1:02 बजे रवाना हुई थी। भरतखंड स्टेशन से प्रस्थान करने के बाद ट्रेन जब गौछारी की ओर जा रही थी, तभी अचानक रेलवे ट्रैक पर नीलगाय आ गई। ट्रेन की रफ्तार के बीच लोको पायलट ने नीलगाय को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक ट्रेन उससे टकरा चुकी थी।

टक्कर के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा। हादसे के कारण ट्रेन करीब 22 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इंजन की जांच की। जांच के बाद ट्रेन को आगे चलाने की अनुमति दी गई। इसके बाद शाम 5:15 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई।
इधर, घटना को लेकर रेल प्रशासन ने ट्रेन के लोको पायलट शंभु कुमार और सहायक लोको पायलट केके झा से स्पष्टीकरण मांगा है। रेलवे प्रशासन घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रहा है।
