गोपालपुर: विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद नवगछिया और भागलपुर के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया था। स्थिति को देखते हुए पथ निर्माण विभाग ने विभिन्न स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर यात्रियों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी थी। हालांकि अब सेतु पर यातायात सामान्य हो चुका है, लेकिन कई स्थानों पर पुराने सूचना बोर्ड अब भी लगे होने से लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
गत 7 जून को पथ निर्माण विभाग के मंत्री एवं विभागीय वरीय अधिकारियों द्वारा मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद विक्रमशिला सेतु का उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के साथ ही हल्के वाहनों और आम लोगों के लिए पुल पर आवागमन शुरू कर दिया गया। इसके बाद से नवगछिया-भागलपुर के बीच यातायात व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
इसके बावजूद तेतरी मंदिर चौक के समीप अब भी पुराने सूचना बोर्ड लगे हुए हैं, जिन पर विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने संबंधी सूचना अंकित है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि पुल चालू होने के बाद भी इन बोर्डों को नहीं हटाया गया है, जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को यह भ्रम हो रहा है कि सेतु पर अब भी आवागमन बाधित है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि स्थिति सामान्य होने के बाद ऐसे पुराने और भ्रामक सूचना बोर्डों को तत्काल हटाया जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी और भ्रम का सामना न करना पड़े।

