रेलवे पूर्व बिहार के यात्रियों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। भागलपुर से पुणे के बीच सीधी ट्रेन चलेगी। रेल मंत्री पीयुष गोयल की ओर से दानापुर-पुणे एक्सप्रेस को भागलपुर से चलाने की सहमति दे दी गई है। परिचालन और टाइमिंग को लेकर रेलवे बोर्ड में मंथन शुरू हो गया है। सबकुछ ठीक रहा तो दिसंबर तक पुणे के लिए ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। इस ट्रेन के चलने से भागलपुर के अलावा, मुंगेर, लखीसराय, बांका के साथ झारखंड के यात्रियों को काफी राहत होगी।
भागलपुर से पुणे के बीच कोई भी सीधी ट्रेन नहीं है। इस कारण छात्र और अन्य लोगों को पुणे जाने के लिए पटना और हावड़ा से ट्रेनें पकड़ने पकड़ती है। यहां से पुणे के लिए ट्रेन चलाने की मांग हर बार रेल बजट से पहले उठती है, लेकिन ट्रेन सेवा शुरू नहीं हो रही है।


लेकिन इस बार रेल मंत्री ने यात्रियों की हो रही परेशानियों को काफी गंभीरता से लिया और ट्रेन चलाने पर हरी झंडी दे दी। सांसद अजय निषाद और पूर्व जेडआरयूसीसी सदस्य आशुतोष कुमार ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर ट्रेन परिचालन शुरू कराने के लिए मुलाकात की। इस पर रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड को पत्र भेजकर जल्द से जल्द परिचालन शुरू कराने का निर्देश दिया है।


