नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के बहतरा गांव में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अजय कुमार (18), पिता राजकिशोर रजक, निवासी बहतरा गांव के रूप में हुई है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय नशे का आदी था और अक्सर नशा करने के लिए घर में पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर वह विवाद करता था। बुधवार की शाम भी उसने अपनी मां से पैसे मांगे थे। इंकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अजय बिना खाना खाए अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

परिजनों को लगा कि वह सो गया है। गुरुवार सुबह जब उसकी मां उसे जगाने पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो अजय कमरे में फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

