सैदपुर पंचायत में विकास योजनाओं में अनियमितता की शिकायत पर शुक्रवार को जांच टीम पहुंची। टीम में नवगछिया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार सुमन, जल संसाधन विभाग के जेई शशि कुमार शामिल थे। टीम पहले प्रखंड मुख्यालय गई और पंचायत सचिव राजेंद्र मंडल से अभिलेखों की मांग की, लेकिन वे बिना अभिलेख नहीं दिखा सके।
पंचायत सचिव ने जांच की समय सीमा बढ़ाने की मांग की। अफसरों के पूछने पर उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन की चाबी मुखिया के पास है और वे बाहर गए हैं। इस पर अफसरों ने उन्हें फटकार लगाई। इसके बाद जांच टीम पंचायत सचिव के साथ पंचायत सरकार भवन पहुंचे। वहां मौजूद ग्रामीणों ने जांच टीम को बताया कि विकास योजनाओं में भारी अनियमितता हुई है।

कबीर अंत्येष्टि में पैसा नहीं मिलने, घटिया लाइट व सड़क सहित कई मामले की शिकायत की। पवन सिंह ने कहा कि पंचायत में एक ही सड़क पर पंचवर्षीय योजना में दो बार पैसा की निकासी ली गई है। पंचायत सचिव ने 8 मार्च को अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा।


