भागलपुर : थाना क्षेत्र के मिर्गीयासचक स्थित एक धार्मिक स्थल के सामने शुक्रवार सुबह 10 बजे आपत्तिजनक सामान फेंकने के आरोप में नाथनगर पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पुलिस ने चंपानगर के हसनाबाद निवासी आजाद अंसारी के रूप में की है।
एसएसपी आशीष भारती ने नाथनगर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है। आरोपी के छोटे भाई नौशाद की लिखित शिकायत पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का केस गिरफ्तार आजाद अंसारी पर किया गया है। शनिवार के दिन उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। शांति समिति सदस्य राजू महराणा ने बताया कि सीसीटीवी में आरोपी सड़क की बाईं ओर से बांये हाथ में एक पॉलीथिन टांगे धार्मिक स्थल के सामने पहुंचता है। फिर प्लास्टिक के अंदर हाथ डालकर आपत्तिजनक सामान के टुकड़े को धार्मिक स्थल के मुख्य गेट के सामने रखकर आगे बढ़ते हुए निकलता है।

10 कदम आगे चलने के बाद उसने स्थानीय लोगों को इशारा कर कुछ अमर्यादित भाषा का भी प्रयोग किया। फिर आगे जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है। वहीं नाथनगर इंस्पेक्टर जनीफउद्दीन दल-बल के साथ धार्मिक स्थल के पास पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं हुए। इंस्पेक्टर ने इलाके में शांति भंग नहीं हो इसे लेकर तुरंत आपत्तिजनक सामान को मौके से हटवा दिया और आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि यदि घटना की जानकारी सही समय पर नहीं मिलती तो इलाके में दो पक्षों में तनाव हो जाता। इसे लेकर नाथनगर के शांति समिति के सदस्यों ने भी पुलिस प्रसाशन का सहयोग किया है।

शांति समिति सदस्य सह बुनकर प्रतिनिधि जियाउर रहमान ने कहा कि ऐसी घिनौनी करतूत किसी असामाजिक छवि के व्यक्ति द्वारा ही की जा सकती है। मालूम हो कि डेढ़ महीने पहले भी चंपानगर के एक धार्मिक स्थल के सामने आपत्तिजनक सामान मिला था। इस मामले में भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर एक व्यक्ति की पहचान की थी। हालांकि गिरफ्तारी नहीं हुई है।


