नवगछिया। अनुमंडल कार्यालय सभागार में मंगलवार को एसडीओ रोहित कर्दम की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 को लेकर सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की अनुमंडलीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीपीओ ओमप्रकाश, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी मनीष कुमार, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, नगर परिषद नवगछिया के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार, थानाध्यक्षों सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में एसडीओ रोहित कर्दम ने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी दी कि अधिनियम के तहत पीड़ितों, उनके आश्रितों एवं गवाहों को यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता देने का प्रावधान है। इसके लिए संबंधित थाना और जिला लोक अभियोजक के माध्यम से प्रतिवेदन आवश्यक होता है।
एसडीओ ने सभी कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल गांवों, टोलों और मोहल्लों में डोर-टू-डोर जाकर जागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही बीडीओ एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को क्षेत्र भ्रमण के दौरान इन मुद्दों को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए।

