प्रखंड के नगरह गांव में प्रसाद खाने के बाद 13 लोग फूड प्वाइजनिंग से बीमार हो गए। पहले उनके पेट में दर्द शुरू हुआ और फिर दस्त, उल्टी होने लगी। घटना बुधवार की है। तबीयत बिगड़ने पर मरीजों ने गांव में ही एक ग्रामीण चिकित्सक से इलाज कराया। इनमें से कुछ लोग ठीक हो गए, लेकिन दो लोगों की स्थिति बिगड़ गई। इसके बाद ग्रामीण चिकित्सक ने उन्हें स्लाइन चढ़ाया।
मगर उनकी हालत में सुधार नहीं हुई। इसी बीच शनिवार को जब इसकी जानकारी नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस डॉ. अरुण कुमार सिन्हा को मिली तो उन्होंने नगरह गांव में दो एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम को भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीनानाथ ने अनुमंडल अस्पताल प्रभारी को खुद गांव जाकर मरीजों को इलाज करने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएस डॉ. अरुण कुमार सिन्हा, नवगछिया पीएचसी प्रभारी डॉ. वरुण कुमार दवाइयों के साथ नगरह गांव पहुंचे तो देखा कि साक्षी कुमारी व माही कुमारी को स्लाइन चढ़ रहा था। डॉक्टरों ने इन दोनों के अलावा सभी मरीजों की जांच के बाद दवा दी।

मरीजों की हालत स्थिर, चिंता की बात नहीं
बुधवार को प्रसाद खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब हुई थी। जिसमें से कुछ लोग ठीक भी हो गए हैं। दो मरीजों की ज्यादा खराब है। जांच के बाद उन्हें दवा दी गई है। अनुमंडल अस्पताल आने के लिए कहा गया। मगर मरीजों के परिजनों ने इनकार कर दिया। दोनों की हालत में सुधार हो रहा है। चिंता की कोई बाद नहीं है। -डॉ. अरुण कुमार सिंन्हा, डीएस, अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया
बेहतर सुविधा नहीं मिलने की बात कह परिजनों ने मरीजों को अस्पताल भेजने से किया इनकार
मेडिकल टीम ने मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की बात कही तो परिजनों ने इनकार कर दिया। कहा अनुमंडल अस्पताल जाने के बाद मरीजों को मायागंज रेफर कर दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें देखने वाला कोई नहीं रहेगा। इसके बाद डॉक्टरों ने मरीजों को ओआरएस और ओमिप्राजोल टेबलेट दिया। और बाहर से दवाइयां भी लिखी। इस पर परिजन और ग्रामीण नाराज हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि टीम मात्र दो दवाइयां लेकर आई थी।
तीन दिन पहले सभी ने खाया था प्रसाद
ग्रामीणों ने बताया कि के केलू सिंह के घर में बुधवार को सत्यनारायण कथा का प्रसाद खाने के बाद उनके परिवार सहित कुल 13 लोग फूड प्वाइजनिंग से बीमार हो गए। कुछ लोगों ने गांव से ही दवाइयां लेकर खाया। जिसके बाद वे ठीक हैं। मरीजों में श्याम सिंह, माही कुमारी, रवि कुमार, साक्षी कुमारी, विनीत कुमार, सुधीर सिंह, आनंद कुमार, मानस कुमार, रंजीत कुमार सिंह, श्याम किशोर सिंह आदि शामिल हैं।


