हिस्सेदारी विवाद में ; दो लाख नकद ले जाने का आरोप
नवगछिया। नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर वार्ड संख्या 6 में रविवार सुबह संपत्ति और हिस्सेदारी विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि भाई ने अपने ही भाई पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान गोपाल कुमार झा के रूप में हुई है। मामले में उन्होंने अपने भाई मिथुन झा और सोनू झा, साथ ही उनकी पत्नियों सरिता देवी और उजाला देवी पर हमला करने का आरोप लगाया है।
जबरन घर में घुसकर विवाद करने का आरोप
पीड़ित गोपाल कुमार झा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके भाई मिथुन झा और सोनू झा अपनी-अपनी पत्नियों के साथ जबरन घर में घुस गए और हिस्सेदारी को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

गोपाल का आरोप है कि बात बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ भी बदसलूकी की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के बाल पकड़कर मारपीट की गई।
धारदार हथियार से सिर पर वार
पीड़ित के अनुसार, विवाद के दौरान सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी बीच एक महिला ने कथित तौर पर हमलावर को धारदार हथियार (गरांसी) थमा दिया, जिससे उनके सिर पर वार किया गया। इस हमले में उनका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
दो लाख रुपये नकद और सामान ले जाने का आरोप
गोपाल झा ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपियों ने घर का सामान बाहर फेंक दिया और घर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद भी ले गए।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में पीड़ित गोपाल झा ने रंगरा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर, रंगरा थाना अध्यक्ष विश्व बंधु कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

