नारायणपुर | प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने लगातार तीसरे दिन अभियान चलाकर कई अवैध क्लीनिक, पैथोलॉजी सेंटर एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान एक्सपायरी दवाएं जब्त की गईं तथा कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर की टीम ने डॉ. अंकित कुमार के नेतृत्व में विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों की जांच की। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि अवैध रूप से संचालित केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में चेतावनी और जुर्माना लगाए जाने के बावजूद कई संचालक बिना पंजीकरण के क्लीनिक चला रहे हैं। कुछ लोगों ने केवल जुर्माना जमा कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया, जिन्हें अब चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र से वैधता प्रमाण पत्र मांगे जाने पर संचालक द्वारा दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। इस संबंध में रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जा रही है।
वहीं शाहपुर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास मो. शाहिद अली द्वारा अवैध रूप से मेडिकल स्टोर एवं क्लीनिक संचालित किया जा रहा था, जहां छापेमारी के दौरान एक्सपायरी दवाएं बरामद की गईं। इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा, ताकि आम लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
