शहर को मिलने वाले बाइपास में अब देरी नहीं होगी। 155 मीटर जमीन अधिग्रहण कर इसी साल अंत में बाइपास पर गाड़ियां दौड़ेंगी। इतना ही नहीं, जर्जर हो रहे लोहियापुल की मरम्मत 97 लाख से होगी। ये बातें मंगलवार को कमिश्नर राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में कहीं। वे प्रमंडल स्तरीय समन्वय समिति की बैठक कर रहे थे। सभी विभागों के काम की पहले उन्होंने जानकारी ली। फिर शहर और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए अफसरों को निर्देश दिए। वाणिज्यकर, उत्पाद और खनन विभाग के रिपोर्ट देख कमिश्नर राजेश कुमार ने बांका-भागलपुर जिले के एडीएम से कहा कि भागलपुर के 9 और बांका के 26 घाटों की बंदोबस्ती एक साथ करवाएं।
एनएच की मरम्मत और निर्माण के लिए भी इंजीनियरों से कहा। बाइपास के लिए जमीन के अधिग्रहण का पेंच खत्म कर इस साल शुरू करने व बंटेश्वर पम्प डैम किनारे पेड़ों को हटाने को कहा गया। बांका और भागलपुर की कई योजनाओं पर हुई चर्चा मंगलवार को डीएम प्रणव कुमार, डीडीसी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करते आयुक्त राजेश कुमार। किसानों पर ज्यादा फोकस पूरी बैठक में कमिश्नर किसानों को लेकर ज्यादा फोकस करते रहे। उन्होंने कहा, बाढ़ के कारण फसलों की बड़ी क्षति हुई है। कृषि पदाधिकारी से उन्होंने कहा, इसका आलकन कर रिपोर्ट बनाएं और किसानों को मुआवजा भी दें। कृषि पदाधिकारी ने कहा, भागलपुर में 85000 और बांका जिले में 142000 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाए हैं। इसके बाद उन्हें इसका लाभ दिया जाएगा। फर्टिलाइजर की कमी नहीं है। इस पर कमिश्नर ने कहा, 25 दिनों में डीजल अनुदान का भुगतान करें।
जल-संसाधन की दो योजना अधूरी

कमिश्नर ने लघु जल-संसाधन विभाग से पूछा तो पता चला, 6 योजना चल रही है। 4 पूरी हो गई, जबकि 2 में काम होना है। इसके साथ ही बिहार शताब्दी निजी नलकूप योजना के तहत 4079 किसानों के आवेदन पर भी सवाल किए। बताया गया, 2529 की अनुशंसा कर दी गई है, 1421 स्वीकृत हैं। 354 पूरे हो चुके हैं। बांका में 1886 किसानों के आवेदन में 1502 स्वीकृत हैं, 593 पूरे हो चुके हैं। इस पर कमिश्नर ने कहा, इतना कम पूरा हुआ। इसमें तेजी लाइए।
ये भी मिले निर्देश
{ मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार करने या दावा आपत्ति 30 नवंबर तक लिए जाएंगे।
{ सभी अफसर बुधवार, गुरुवार, शनिवार को क्षेत्र का भ्रमण कर रिपोर्ट कमिश्नर को सौंपेंगे।
{ पशुओं का टीकाकरण 23 अक्टूबर से होगा।
{ फसल सहायता योजना के आवेदन 21 अक्टूबर तक लिए जाएंगे।
{ प्रधानमंत्री आवास योजना का लक्ष्य 7 नवंबर तक पूरा होगा।
त्योहारों में सुरक्षा के साथ सुविधाएं भी दें
त्योहारों को देखते हए जिला प्रशासन की तैयारियां शुरू हो गईं। इसी कड़ी में मंगलवार को कमिश्नर राजेश कुमार ने भागलपुर-बांका में विधि व्यवस्था बहाल रखने के लिए अफसरों की बैठक की। इसमें दुर्गा पूजा, काली पूजा, छठ पूजा में पुलिस की तैनाती से लेकर बिजली व्यवस्था और साफ-सफाई तक रखने के लिए निर्देशित किया गया। कमिश्नर कुमार ने सबसे पहले बिजली कंपनी के इंजीनियरों से पूछा कि त्योहार में बिजली की क्या स्थिति होगी? इंजीनियरों ने बिजली व्यवस्था बेहतर रखने के दावे किए। असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए कमिश्नर ने बदमाशों पर 107 के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा। पूजा के दौरान ट्रैफिक स्मूथ रहे, इसलिए ट्रैफिक कंट्रोल बनाने के लिए कहा।


