मुंगेर के तारापुर से लौट रहे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के बस पलटने से 17 जवान घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल खगड़िया में किया गया। जवानों में 2 की हालत गंभीर है। उनका नाम कुंदन कुमार और लाल बहादुर है। वहीं, अन्य घायलों काे इलाज कर दरभंगा भेज दिया गया। सभी जवान बुधवार को तारापुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में ड्यूटी पर लगाए गए थे। बुधवार देर रात वह दरभंगा लौट रहे थे तभी NH-31 पर खगड़िया के पसराहा में बगुलवा ढाला के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

घायल जवानों ने बताया, ‘बस भागलपुर जीरोमाइल चौराहे पर रात करीब 12.30 बजे पहुंची थी। वहां सभी लोगों ने चाय पी और फ्रेश होकर निकल गए। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 2 बजे जब बस पसराहा थाना क्षेत्र के बगुलवा ढाला के पास पहुंची तो ड्राइवर को झपकी आ गई। इस कारण सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।’ जवानों ने बताया, ‘बस को ड्राइवर ने संभालने की कोशिश की, पर वो संभाल नहीं सका। घटना में ड्राइवर सुरक्षित है।’

बस दुर्घटना में घायल बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवान।
बस दुर्घटना में घायल बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवान।

बस पलटते ही जवानों की खुली नींद

घटना में घायल जवान प्रमोद कुमार, अनिल, संजय कुमार, विजय चौरसिया, प्लुलेंद्र ने बताया, ‘रात काफी होने की वजह से बस में मौजूद ज्यादातर जवान सो रहे थे। जिस समय बस पलटी, उस समय किसी को कुछ समझ नहीं आया। कई जवान गहरी नींद में थे। घटना के बाद जब चिल्लाने लगे तो आंखें खुलीं। इसके बाद अफरातफरी मच गई।’ जवानों ने बताया, ‘दरभंगा 13 बटालियन से हैं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में तैनात थे।’

इधर, अस्पताल में इलाज के लिए घायल जवान और उनके साथी चक्कर लगाते देखे गए। उन्होंने बताया, ‘इतनी बड़ी घटना के बाद अस्पताल में लोकल पुलिस को आना चाहिए था। यहां के लिए हम लोग नए हैं। इसके कारण थोड़ी बहुत परेशानी अस्पताल में हुई है। घायल जवानों को दरभंगा उनकी यूनिट में भेज दिया गया है।’

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *