मुजफ्फरपुर– भारत बंद के दौरान सांसद और जन अधिकार पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव ने मुजफ्फरपुर में बंद समर्थकों पर उनसे मारपीट का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कहा था कि प्रदर्शनकारी उनकी हत्या करना चाहते थे। हालांकि पुलिस ने भी इन आरोपों को गलत ठहराया है। वहीं, बंद समर्थकों के साथ पप्पू यादव की बातचीत का एक वीडियो सामने आया है जो उनके आंसू बहाने से पहले का है।
Total Downloads: 80
इस वीडियो में सच्चाई साफ झलक रही है कि उनपर कोई हमला नहीं किया गया ना ही प्रदर्शनकारियों ने उनका कोई नुकसान ही पहुंचाया। उन्हें घेरकर लोग खड़े हैं और उनसे सवाल पूछ रहे हैं और पप्पू यादव हंसकर उन सबसे बात कर रहे हैं। कोई उनपर हमला नहीं कर रहा।

मुजफ्फरपुर एसएसपी हरप्रीत कौर ने भी वीडियो जारी करते हुए कहा कि भारत बंद के दौरान पप्पू यादव पर किसी तरह का हमला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि न ही उनकी गाड़ी और न मोबाइल को ही कोई नुकसान पहुंचाया गया है। ना ही उनकी गाड़ी का शीशा टूटा है और ना ही किसी तरह की क्षति दिख रही है।
एसएसपी ने कहा कि वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सांसद पर कोई हमला नहीं हुआ है और अगर यह वीडियो बनाया जा सकता है तो किसी हमले का वीडियो भी होना चाहिए। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है, उनके वाहन को कुछ चोट या नुकसान नहीं पहुंचाया गया है।

एसएसपी ने कहा कि अगर सांसद पप्पू यादव अपने मोबाइल को नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं, तो उन्हें मीडिया को वो मोबाइल दिखाना चाहिए था। उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई। आईजी सर और मैं दोनों ने उनसे बात भी की है।
वीडियो में ये साफ देखा जा रहा है कि पप्पू यादव एनएच से जाना चाहते थे और प्रदर्शनकारियों ने उन्हें वहां से जाने नहीं दिया। वीडियो में वे प्रदर्शनकारियों के बीच खड़े दिख रहे हैं। बंद समर्थकों के साथ उनके अंगरक्षक भी मौजूद थे।
इसके बाद पप्पू यादव ने कहा कि ये सब तस्वीरें प्रायोजित हैं। मैंने गलत नहीं कहा। मुझपर हमला किया गया। इस तरह होता है क्या?

