नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो युवक खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Total Downloads: 165
सूत्रों के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहा एक युवक जयरामपुर निवासी दीपक कुमार बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं की है। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह वीडियो हाल का है या पुराना, और फायरिंग किस स्थान पर की गई थी।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, ऐसे में इस तरह की हरकतों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने या भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
