नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला में अपराध और अवैध हथियार कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में गोपालपुर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की तत्परता और चौकसी के कारण एक संभावित आपराधिक घटना टल गई।

दिनांक 22 अक्टूबर 2025 की देर रात गोपालपुर थाना की पुलिस टीम रात्रि गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान ग्राम तीनटंगा करारी स्थित बजरंगबली स्थान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देशी कट्टा और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गौरव कुमार, पिता घनश्याम यादव, निवासी ग्राम तीनटंगा करारी, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त अपने हथियार रखने के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस का मानना है कि यह व्यक्ति किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में गोपालपुर थाना में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

थानाध्यक्ष गोपालपुर ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। रात्रि गश्ती और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्ती दल को चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *