भागलपुर/ नवगछिया : गोपालपुर विधानसभा के जदयू विधायक नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल का विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी सह गोपाल मंडल की पत्नी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान का बताया जा रहा है। वीडियो में गोपाल मंडल अपनी ही पार्टी के सांसद अजय मंडल पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। हालांकि हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में गोपाल मंडल इस्माईलपुर प्रखण्ड के चंडिकास्थान में अपनी पत्नी सह जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के दौरान विधायक ने सांसद पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो ट्रैक्टर पर दारू बेचता हो, अफ़ीम की खेती करता हो, वह हमारा संसद हैं। यहां के जनता जनार्दन ने सांसद को वोट देकर जिताया लेकिन वे कभी जनता के दुखदर्द को देखने तक के लिए नही आये। कोरोना, बाढ़, कटाव में नदारद रहे सिर्फ मुख्यमंत्री के आगमन पर उनके साथ रहते हैं। इस बार जनता उनको सबक सिखाएगी। सांसद की हार निश्चित है।
वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ने ‘हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि पत्नी का प्रचार करने जहां जाते हैं, जनता पूछती है कि सांसद कहां हैं। उसी गुस्सा में आकर ये बातें कही हैं। उनके द्वारा जो कहा गया है, वह कहीं से गलत नहीं है। सांसद बनाने में यहां के लोगों ने भरपूर सहयोग किया। लेकिन वह क्षेत्र में आना भूल गये हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि सांसद उनकी पत्नी के खिलाफ प्रचार करते हैं। उनके द्वारा कहा जा रहा है कि टुनटुन साह जिला परिषद का अध्यक्ष बनेगा, जबकि उनकी पत्नी सविता देवी पूर्व में भी जिला परिषद की अध्यक्ष बनी थी। इस बार भी चुनाव जीतने के बाद अध्यक्ष बनेगी। पार्टी लाइन के खिलाफ सांसद को नहीं बोलना चाहिए। विधायक ने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं। वह सही जगह पर हैं। कोई कहीं भी शिकायत कर सकता है। वह व्यवस्था के खिलाफ बोलते हैं।

जनता सब जानती है: अजय मंडल
गोपाल मंडल के बयान पर सांसद अजय मंडल ने ‘हिन्दुस्तान से कहा कि जो जैसा रहता है उसको दुनिया उसी तरह की दिखती है। उनके बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है। यहां की जनता सब कुछ जानती है। उनकी बातों को लोग गंभीरता से लेते ही नहीं हैं। पूर्व में भी उनके द्वारा इस तरह की कई घटनाएं की गयी हैं। जनता इसका जवाब देगी। भागलपुर जिला जदयू के जिला अध्यक्ष पंचम श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। वीडियो देखने के बाद ही कुछ कह सकते हैं।
input: Hindustan

