नवगछिया : नवगछिया विक्रमशिला सेतु पथ और नवगछिया में जाम की समस्या चीर कालीन हो गई है. मालूम हो कि 1 माह से जाम निरंतर लग रहा है लेकिन अब तक इसका कोई ठोस निदान नहीं ढूंढा गया. जाम में एंबुलेंस के फस जाने के कारण मौत की भी घटना हुई इसके बाद भी जाम पर लगाम नहीं लगाया जा सका. सोमवार को विक्रमशिला सेतु पर रह रह कर दिन भर जाम लगता रहा तो विक्रमशिला सेतु पथ और नवगछिया जीरोमाइल से लेकर रंगरा तक भयानक जाम रहा.
दूसरी तरफ जाम की जद से नवगछिया की शाखा सड़कें भी बच नहीं पाई, तेतरी, पकड़ा, कलबलिया धार के पास दिन भर जाम की स्थिति बनी रही. यात्रियों को भागलपुर आने जाने में उतना ही समय लग रहा था जितने समय में लोग पैदल भी नवगछिया से भागलपुर आ जा सकते थे. भागलपुर आने जाने में तीन से चार घंटे का समय लग रहा था.

दूसरी तरफ कई ट्रक चालक पिछले 24 घंटे से जाम में फंसे थे. ट्रक चालकों को भीषण ठंड में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जाम का कारण वाहनों की अत्यधिक आवाजाही बताया जा रही है. कई ऐसे भी लोग दिखे जिन्हें नवगछिया से परवत्ता जाना था ऐसे लोग भी महज सात से आठ किलोमीटर की दूरी दो घंटे में तय कर रहे थे.

जीरो माइल में विगत दिनों के जाम से बाजार भी मंदा हो गया है तो दूसरी तरफ जाम का असर बाजारों और खरीद बिक्री पर भी पड़ रही है. दूसरी तरफ जाम ने नववर्ष के उत्साह को पूरी तरह से फीका कर दिया है. नवयुवक नितेश कुमार, राहुल कुमार, सुधीर कुमार, सन्नी कुमार आदि ने कहा कि जाम के कारण वे लोग इस वर्ष नया साल को खुल कर नहीं माना पा रहे है कारण है अगर वे लोग एक जनवरी को कहीं पिकनिक मनाने जाएंगे तो एक दिन में लौट पाना संभव नहीं है.


