एक विवाहिता अपने दो बच्चों के साथ कानपुर रेलवे स्टेशन से गुम हो गई। इस बाबत महिला के भाई ने 10 जुलाई को दिल्ली रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नौ जुलाई की सुबह महिला के पति के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज मिला है। इसमें उनकी पत्नी की तरफ से लिखा गया है कि वे नौकरी करने जा रही हैं।
Total Downloads: 116
इस बाबत फारबिसगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 निवासी महिला के पति बबलू चक्रवर्ती ने बताया कि उनकी पत्नी जयंती चक्रवर्ती (35) अपने 12 वर्षीय पुत्र सौरभ व छह वर्षीय पुत्री सृष्टि के साथ आनंद विहार एक्सप्रेस की बोगी संख्या एस-7(बर्थ संख्या 51 एवं 54) से आठ जुलाई को दिल्ली से फारबिसगंज आ रही थीं। नौ जुलाई की सुबह 7:50 बजे उनकी पत्नी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहा था।

इसके बाद उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एक मैसेज मिला। इसमें उनकी पत्नी की तरफ से लिखा था कि वे अपने बच्चों के साथ काम करने इंदौर जा रही हैं। मैसेज बांग्ला भाषा में था। बबलू का कहना है कि यदि उनकी पत्नी काम करने जातीं तो उन्हें मोबाइल फोन पर कॉल करने के बाद जातीं। उन्हें आशंका है कि बच्चों समेत उनकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया है।
पीड़ित बबलू ने बताया कि इस मामले में दिल्ली एवं कानपुर स्थित जीआरपी में मामला दर्ज किया गया है। रेल मंत्री पियूष गोयल के ट्विटर एवं रेल मंत्रालय के संबंधित पोर्टल पर उन्होंने अपनी पत्नी के गायब होने की जानकारी दी है। जोगबनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर मनोज झा ने बोगी में यात्रा कर रहे यात्रियों की सूची निकाली है। मामले की पड़ताल की जा रही है।

