जमुई इलाके में पहली बार नक्सलियों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मलयपुर बस्ती में स्वर्ण व्यवसायी के घर मंगलवार की रात नक्सलियों की कार्रवाई में कई स्थानीय लोग शक के दायरे में आ गए हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी मनु महाराज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इलाके के कुछ लोगों ने लाइनर का काम किया
उन्होंने बुधवार की देर शाम बताया कि इस घटना में इलाके के कुछ लोगों ने लाइनर का काम किया है। पुलिस वैसे लोगों की जांच पड़ताल में जुटी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सीडीआर पुलिस को वैसे लोगों तक पहुंचाएगी जिन्होंने इस वारदात को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीआईजी ने कहा कि किसी भी हाल में ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार की रात बस्ती में हुई घटना पूरी तरह से नक्सली वारदात है। उन्होंने कहा कि पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। जल्दी मामले का खुलासा होगा और घटना में शामिल नक्सली पकड़े जाएंगे।

उन्होंने मकान के ऊपरी भाग जहां नक्सलियों ने घटना को अंजाम दिया था पहुंचे और तकरीबन 40 मिनट तक बारीकी से जांच की। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पीटे गए स्वर्ण व्यवसाई के भाई और भांजे से बात कर मामले की जानकारी ली। पश्चात पैदल आनंद नदी तक पहुंचे और भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।

एसपी ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित, राजेश को मिला प्रभार
नक्सली वारदात के मामले में मलयपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार को एसपी जे. रेड्डी ने निलंबित कर दिया है। फिलहाल सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को थाना का प्रभार सौंपा गया है। एसपी ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर यह कार्रवाई की गई है। यहां यह भी बता दें कि घटना के बाद जब एसडीपीओ और थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे थे तो लोगों ने पुलिस का जमकर विरोध किया था। ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि घटना की सूचना समय पर मिलने के बावजूद थानाध्यक्ष एक घंटे के बाद पहुंचे। पुलिस यदि सक्रियता दिखाती तो नक्सलियों को लेने के देने पड़ सकते थे।

शादी वाले घर के लोगों को बनाया बंधक
ग्रामीणों ने बताया कि स्वर्ण व्यवसाई के घर के ठीक सामने बगल वाले घर में शादी थी। जिस कारण सैकड़ों की संख्या में स्त्री व पुरुष वहां मौजूद थे। घर की महिलाएं शादी की तैयारी में जुटी थी ।इसी बीच सड़क पर खड़ी तीन महिला नक्सली घर के दरवाजे पर हथियार लेकर खड़ी हो गई और सब को घर के अंदर रहने को कहा। साथ यह भी कहा की यदि कोई गलत हरकत करेगा तो उसे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।

File Photo

25 मिनट तक नक्सलियों ने की लूटपाट
परिजनों के अनुसार नक्सलियों ने तकरीबन 25 मिनट तक घर में लूटपाट की इस दौरान लाखों रुपये नगद के साथ काफी मात्रा में आभूषण अपने साथ लेते चले गए। चूंकि स्वर्ण व्यवसाई शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी माने जाते थे। अक्षय तृतीया होने के कारण सोने की खरीद फरोख्त भी काफी मात्रा में होने की संभावना बताई जा रही है। इससे कयास लगाया जा रहा है की नक्सलियों ने भारी मात्रा में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है।

पटना के अस्पताल में निक्की का हुआ ऑपरेशन: नक्सली वारदात में हुई गोलीबारी में घायल स्वर्ण व्यवसाई राज बहादुर शाह की पुत्री के पैर और पेट में लगी गोली के बाद उसकी स्थिति बिगड़ गई। पिता को भी हाथ में गोली लगी थी। चिकित्सकों ने दोनों को पटना रेफर कर दिया। राज बहादुर ने बताया कि पटना के बाईपास स्थित फोर्ड अस्पताल में बेटी निक्की को भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से एक गोली निकाली है। दूसरा ऑपरेशन होना है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर का कहना है कि खून की कमी है दूसरे दिन फिर ऑपरेशन किया जाएगा। हालांकि उन्होंने बताया कि मेरी स्थिति ठीक है। पुत्री को लेकर ही चिंता हो रही है।

इस संबंध में मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी मनु महाराज कहते हैं कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच करेगी। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। ग्रामीणों से बात की जा रही है। दोषी कोई भी होंगे बख्शे नहीं जाएंगे।

एसपीजे जला रेड्डी कहते हैं प्रथम दृष्टया यह मामला नक्सली प्रतीत होता है। पुलिस सघन जांच कर रही है नक्सलियों के संभावित ठिकानों पर छापामारी अभियान जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *