नवगछिया : बिहार के अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरि सहनी बिहपुर पहुंचे। एनडीए कार्यालय में बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक इ. शैलेंद्र के नेतृत्व में उनका अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर जदयू के प्रदेश सचिव सह बिहार राज्य नागरिक परिषद के सदस्य पप्पू सिंह निषाद का भी सम्मान किया गया। राजस्थान के भरतपुर की पूर्व सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य रंजीता कोली और राजस्थान के जयपुर उत्तर की भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति तंवर को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री हरि सहनी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने देश को गुलामी से आजाद कराने के लिए जाति के नाम पर शहादत नहीं दी थी। उन्होंने राष्ट्र के नाम पर अपने प्राणों को कुर्बान किया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि वोटिंग भी जाति या धर्म देखकर नहीं बल्कि राष्ट्र को सर्वोपरि समझकर करें।

मंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और आजादी आंदोलन में उनकी भूमिका के बारे में बताएं। उन्होंने जाति के नाम पर तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को वोट की ताकत से बाहर फेंकने का आह्वान किया।

मंत्री सहनी ने बताया कि आगामी 8 अगस्त को माता सीता की जन्मस्थली बिहार के सीतामढ़ी के पुनौरधाम में माता सीता का मंदिर भक्तों के लिए खुल जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

विधायक शैलेंद्र ने कहा कि 8 अगस्त पूरे बिहार के लिए पावन और गौरव का क्षण है। माता सीता के मंदिर के उद्घाटन पर क्षेत्रवासी न सिर्फ मंदिरों में बल्कि अपने घरों में भी दीपोत्सव मनाएंगे।

कार्यक्रम में काजल कुमारी, अभय कुमार राय, दिलीप महतो, ब्रजेश चौधरी, अपूर्व रंजन, राहुल कुमार, बिक्की चौधरी, अरुण चौधरी, मृत्युंजय पाठक, संजय राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....