नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल में कोरोना रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा होने का सिलसिला जारी है. बुधवार को नवगछिया अनुमंडल में विभिन्न जगहों पर किए गए रैपिड एंटीजन टेस्ट में 10 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं. जिमसें नवगछिया 06, गोपालपुर से 03 और बिहपुर से 01 मामले सामने आए हैं. मालूम हो कि बुधवार को नवगछिया अनुमंडल में अन्य दिनों के मुकाबले कम लोगों की जांच की गई. नवगछिया अनुमंडल के रंगरा, नारायणपुर और खरीक पीएचसी बुधवार को जांच नहीं किया गया.
नवगछिया से सामने आए छः मामले
नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल और पकरा गांव में कैंप लगाकर किए गए रैपिड एंटीजन टेस्ट में कुल 6 लोग कोरोना संक्रमित पाये गए हैं. इनमें नवगछिया से एक, खैरपुर कदवा से दो, पकड़ा से दो और नगर से एक व्यक्ति संक्रमित हैं. संक्रमित लोगों के आग्रह पर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल प्रबंधन द्वारा सभा को होम आइसोलेट रहने का निर्देश दिया गया है.
यूको बैंक ढोलबज्जा के कर्मचारी हुए कोरोना पॉजिटिव.
विनीत आनंद ने करवाया बैंक व थाने को सैनिटाइज

ढोलबज्जा: यूको बैंक में एक बैंक कर्मी कोरोना पॉजिटिव होने पर ढोलबज्जा के समाजसेवी विनीत आनंद ने बुधवार को सैनिटाइज करवाया. साथ हीं बैंक आने वाले ग्राहकों से अपील करते हुए मास्क लगाने व एक दूसरे से दूरी बनाकर रहने को कहा. वहीं ढोलबज्जा थाने को भी विनीत ने सैनिटाइज करवाया.
गोसांयगांव में मिले एक और गोपालपुर में दो कोरोना संक्रमित
गोपालपुर – पीएचसी गोपालपुर द्वारा बुधवार को मध्य विद्यालय गोसांयगांव में शिविर लगा कर रैपिड एंटीजन किट से 161 लोगों की जाँच की गई .जिसमें तीन ग्रामीण कोरोना संक्रमित पाये गये. यह जानकारी स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय ने दी. मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा सुधांशु कुमार, एलटी आशीष चौधरी सहित बडी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी देखी गई
