रंगरा | अपराधियों से अपनी जान की सलामती के लिए पिता पुत्र दर-दर भटक रहे हैं। दोनों ने शनिवार को नवगछिया एसपी निधि रानी से मिलकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। अपराधियों से बचने के लिए दोनों भागकर रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव में अपने एक रिश्तेदार यहां शरण लिए हुए हैं।
Total Downloads: 382
कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र के छोहार निवासी शिवशंकर राय ने नवगछिया एसपी को दिए आवेदन में बताया है कि दशहरा के मौके पर रात में नाटक देख कर लौट रही उनकी पत्नी की हत्या दामाद ने तीन-चार अपराधियों के साथ मिलकर कर दी थी। शव को धान के खेत में फेंक दिया था। घटना को लेकर उन्होंने पोठिया थाने में दामाद सहित तीन चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

मगर पुलिस किसी भी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी छुट्टा घूम रहे हैं और पिता-पुत्र के जान के पीछे पड़े हुए हैं। अपराधी लगातार हत्या की नीयत से दोनों का पीछा कर रहे हैं। शुक्रवार को वे दोनों किसी तरह अपराधियों से जान बचाकर रंगरा के मुरली गांव पहुंचे। नवगछिया एसपी निधि रानी ने कटिहार पुलिस से संपर्क कर पिता-पुत्र को सुरक्षा दिलाने का भरोसा दिया।

