नवगछिया : खरीक के तुलसीपुर निवासी खरीक उत्तरी क्षेत्र के जिला पार्षद कांग्रेस नेता गौरव राय के बड़े भाई सोनू राय हत्याकांड के तीसरे दिन भी पुलिस ने एक भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पायी. जानकारी मिली है कि पुलिस की टीम नवगछिया के विभिन्न इलाकों के अलावा कटिहार, पूर्णियां, नवगछिया, भागलपुर, कहलगांव, बांका जिलें में छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार टीम का नेतृत्व नवगछिया के एसडीपीओ प्रवेंद्र कुमार भारती कर रहे थे तो दूसरी तरफ एसपी निधि रानी पुलिस की पूरी कार्रवाई पर पैनी नजर बनाये हुए हैं. जानकारी मिली है कि पुलिस के टॉप टारगेट पर कुख्यात राकेश राय और पुरषोत्तम कुमार उर्फ छोटुवा है. दोनों के संभावित ठिकानों पर पुलिस जगह जगह छापेमारी कर रही है. इसके अलावा पुलिस स्तर से चिन्हित किये गये चार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

पुलिस स्तर से मिली जानकारी के अनुसार इस कांड में गठित एसआईटी के अलावा अब अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया है. सूत्रों ने यह भी बताया कि नवगछिया के कुछ संदिग्ध लोगों के फोन पर होने वाले वार्तालाप पर भी पुलिस की नजर है. संभावना है कि आये दिन इस आधार पर भी पुलिस कार्रवाई करे.
नवगछिया की एसपी निधि रानी ने जानकारी देते हुए कहा कि हत्याकांड की पूरी कहानी साक्ष्य के सामने आ गयी है. किन अपराधियों की हत्याकांड में किस तरह की भूमिका है अब पुलिस को पूरी कहानी पता है. विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा.


