नवगछिया । शुक्रवार दोपहर खरीक प्रखंड एवं परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत अन्तर्गत छोटी अलालपुर में भीषण अगलगी की घटना में झोपड़ीनुमा करीब 90 घर जलकर राख हो गये। घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की लपटें इतनी उठने लगीं कि लोग सामान छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल कर भागे। पूरे गांव में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ निशांत कुमार, जिप सदस्य पियुष कुमारी, सरपंच प्रमोद मंडल, पूर्व जिप सदस्य विजय मंडल, जदयू नेता अर्जुन साह समेत अन्य कई जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में लोगों के साथ मौके पर पहुंचे एवं आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करने लगे।
आग में सब कुछ जल जाने के बाद सभी पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे भूखे-प्यासे पड़े हैं। घटना के समय महिलाएं छाती पीट-पीटकर दहाड़ मार रही थीं। जबकि बच्चे शाम में भूख से बिलख रहे थे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सभी पीड़ितों के लिए देर शाम भोजन की व्यवस्था की जा रही थी। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ढाई घंटे बाद नवगछिया से पांच दमकल की टीम पहुंची
आग की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दिए जाने के बाद भी दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंची। ढाई घंटे बाद नवगछिया से पांच दमकल घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। तबतक भारी नुकसान हो चुका था। सबकुछ जलकर राख हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि हवा धीमी गति से चल रही थी। नहीं तो पूरा गांव ही जलकर राख हो जाता है। इस अगलगी में घर सहित नगद, कपड़ा, जेवरात व सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चिंगारी ने लोगों के आशियाने के साथ-साथ उम्मीदों को भी जला दिया। सीओ निशांत कुमार ने बताया कि घटना में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है।

अगलगी में इनके घर जले
बीजो मंडल, लालो मंडल, फिदो मंडल, प्रेम लाल मंडल, अवधेश मंडल, मोहन मंडल, लालू मंडल, गणपति मंडल, बिरांची मंडल, श्रीकांत मंडल, टुनटुन मंडल, प्रकाश मंडल, वायरल, जगदीश मंडल, उमेश मंडल, अनिल मंडल, गुदड़ी मंडल, नरेश मंडल, मंटू मंडल, लगन मंडल, हरिलाल मंडल, बलराम मंडल, भूदेव मंडल, डोमी मंडल, पंकज मंडल, मनोज मंडल, उपेंद्र मंडल, जोगिंदर मंडल, तिवारी मंडल, गनोरी मंडल, नरेश मंडल, संतोष मंडल जीतन मंडल, बबलू मंडल महेश्वर मंडल, सूरज मंडल, छतरी मंडल आदि लोग शामिल हैं।
