बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लत्तीपुर दक्षिणी पंचायत में अवैध रूप से मिट्टी कटाई को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। मुखिया प्रतिनिधि की निजी जमीन पर जबरन मिट्टी काटने का विरोध करना उन्हें भारी पड़ गया। इस मामले को लेकर लत्तीपुर दक्षिणी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेश मंडल ने खरीक थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

Whatsapp group Join

आवेदन में मुखिया प्रतिनिधि राजेश मंडल ने बताया है कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी निजी जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी की कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि जेसीबी मशीन से जमीन की खुदाई कर मिट्टी निकाली जा रही है।

मुखिया प्रतिनिधि ने जब इसका विरोध किया और मिट्टी कटाई रोकने को कहा, तो आरोप है कि जेसीबी चालक ने मशीन को तेज गति से उनकी ओर बढ़ा दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में वे किसी तरह जान बचाकर वहां से हटे, लेकिन इस दौरान उन्हें चोटें भी आईं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि ने खरीक थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी निजी जमीन पर जबरन मिट्टी कटाई कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।

इस संबंध में खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मिट्टी कटाई का धंधा तेजी से फैल रहा है, जिस पर प्रशासन को सख्त निगरानी रखने की आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *