नवगछिया : पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार शुक्रवार की शाम में थम जाएगा। यह जिले का दसवां चरण है। इसके तहत सुल्तानगंज, गोपालपुर और इस्माईलपुर में वोट डाले जायेंगे। मतगणना 14 दिसंबर को बीएयू परिसर सबौर में होगी। शुक्रवार को संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में मतदान दल योगदान करेंगे और उन्हें सामग्री दी जाएगी।
Total Downloads: 102
इस्माइलपुर प्रखंड में 70 मतदान केन्द्रों पर वोट डाले जायेंगे। इसमें एक चलंत मतदान केन्द्र भी शामिल है। इस प्रखंड में एक जिला परिषद सदस्य,सात पंचायत समिति सदस्य,पांच मुखिया और सरपंच तथा 70 वार्ड सदस्य और पंच पद पर चुनाव हो रहा है। गोपालपुर प्रखंड में 122 मतदान केन्द्र बनाया गया है। इसमें 11 चलंत और तीन सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है।
गोपालपुर में एक जिला परिषद सदस्य, 12 पंचायत समिति सदस्य, नौ मुखिया और सरपंच तथा 119 वार्ड सदस्य और पंच का चुनाव हो रहा है। गुरुवार को मतदानकर्मियों का रेंडमाइजेशन किया गया। इसके तहत बताया गया कि किस मतदानकर्मी की ड्यूटी किस बूथ पर लगायी गयी है। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है। जिला मुख्यालय में सात के अलावा अनुमंडल और प्रखंड मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सेक्टर दंडाधिकारी, जोनल और सुपर जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

