नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल कार्यालय के समीप एनएच 31 के किनारे पानी भरे गड्ढे में कार से एक युवक का शव नवगछिया पुलिस ने बरामद किया है। मृत युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक निवासी शैलेंद्र मंडल के 17 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है। शव के सिर और शरीर पर कई जख्म के निशान हैं। पुलिस ने बुधवार को शव बरामद किया। जबकि कार बीते मंगलवार की देर शाम पानी भरे गड्ढे में देखे जाने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार कार सवार तीन-चार युवक नवगछिया से मकनपुर चौक की तरफ जा रहे थे। इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय के सामने अनियंत्रित होकर कार गड्ढे में जा गिरी। हादसे में गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक निवासी राहुल कुमार यादव और साहूटोला भवानीपुर निवासी विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों किसी तरह कार से बाहर निकलकर लोगों से मदद मांगी। आसपास के लोगों ने दोनों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को मायागंज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एक युवक कार में ही फंसा रह गया जिससे उसकी मौत हो गई।

बरामद शव का नवगछिया में नहीं हुआ पोस्टमार्टम।

युवक के शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में नहीं हो सका। इस संबंध में नवगछिया अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि शव पानी में रहने के कारण काफी फूल गया था। मृतक के दोनों हाथ पीछे मुड़े हुए थे, जैसे दोनों हाथ पीछे बांध दिया गया हो। साथ ही बॉडी के अंदर भी पानी चला गया था, जिसके कारण उसे पोस्टमार्टम लिए मायागंज रेफर कर दिया।

परिजन जाता रहे हैं हत्या की आशंका

सन्नी के परिजन दुर्घटना को एक सोची समझी साजिश बता रहे हैं। उन्हें आशंका है कि सन्नी मौत दुर्घटना में नहीं बल्कि साजिश के तहत हत्या की गई है। परिजनों के द्वारा हत्या का कारण रुपयों का लेनदेन बताया जा रहा हैं। सन्नी व अन्य दो साथियों के बीच लेनदेन का विवाद चल रहा था।

नवगछिया नगर थानाध्यक्ष भरत भूषण ने बताया कि युवक कि मौत दुर्घटना प्रतीत हो रही है। लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा क्योंकि शव का अभी तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का सही कारणों का पता चलेगा। हालांकि घटना संदेहास्पद स्थिति में हुई है और युवक की मौत बंद गाड़ी के अंदर हुई है, इसलिए इसकी अभी जांच की जा रही है। जबकि परिजनों के द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। अगर परिजन किसी के विरुद्ध लिखित आवेदन देते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सन्नी दो व्यक्ति के साथ घर से निकला था। जिसके बाद सुबह उनकी मौत की खबर ही मिली।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *