एनहच पर ट्रकों की स्पीड खूनी हो गयी है। तमाम निर्देशों के बावजूद दुर्घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। सड़कों पर ट्रकों का कहर जारी है। न स्पीड पर लगाम लग रही है और न ही जुर्माना किया जा रहा है। ट्रकों से होने वाली मौतों का आकड़ा पूर्वी बिहार, कोसी व सीमांचल में डराने वाला है। भागलपुर जिले में ही जनवरी से लेकर आठ मार्च के बीच 40 से अधिक लोगों की मौतें हो चुकी है। 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसमें अधिक लोगों की जानें एनएच 31 पर हुई है। जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने प्रत्येक जिला में डीएम की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय कमेटी का गठन करने को कहा है।

नवगछिया पुलिस जिला अन्तर्गत जनवरी से आठ अप्रैल के बीच 23 से अधिक लोगों की मौतें हुई है। इसमें से अधिकांश जानें एनएच 31 पर ट्रकों की रफ्तार के चलते गयी है। 24 जनवरी को ढोलबज्जा में होमगार्ड जवान, 18 फरवरी को विक्रमशिला पुल से पास स्वास्थ्यकर्मी, 17 मार्च को पहुंच पथ पर एक सिपाही,उसी दिन रुपौली की एक महिला,दो अप्रैल को विक्रमशिला सेतु के पहुंच पथ पर दो महिला और सात अप्रैल को तेतरी में एक खलासी की मौत हुई है। नारायणपुर थानाक्षेत्र में दो फरवरी को भागलपुर व खगड़िया की सीमा पर एक युवक, 16 फरवरी को भगवान पेट्रोल पंप के पास और 21मार्च को बीरबन्ना चौक के पास एक-एक युवक की मौत हुई।

तीनों सड़क दुर्घटना एनएच 31 पर हुई और तीनों मृतक बाइक पर सवार थे। इसके अलावा खरीक और बिहपुर में 12 से अधिक मौतें ट्रकों के धक्का मारने से हुई । कहलगांव प्रखंड में तीन महीने के अंदर पांच लोगों की मौत ट्रकों के धक्का मारने के चलते हुई है। मृतकों में चार अलग-अलग बाइक से जा रहे थे। इसके अलावा नाथनगर थानाक्षेत्र में एक, सबौर और लोदीपुर थानाक्षेत्र में तीन,पीरपैंती थानाक्षेत्र में एक,सुल्तानगंज थानाक्षेत्र में एक और जगदीशपुर तथा गोराडीह थानाक्षेत्रों में तीन लोगों की मौत ट्रकों के धक्का मारने के चलते हुई। ट्रैफिक इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि एनएचआई द्वारा गति सीमा का बोर्ड नहीं लगाने के चलते परेशानी हो रही है। जांच के दौरान ट्रक चालकों द्वारा कहा जाता है कि गति सीमा की जानकारी नहीं दी जा रही है। ऐसे में किस गति से ट्रकों को चलाना है। इसका पता नहीं चल पाता है। इसके चलते वाहन चालकों के साथ अक्सर किचकिच होता है। जुर्माना वसूलने और रफ्तार पर लगाम लगाने में भी परेशानी हो रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *