नवगछिया । पिछले तीन दिनों से चलाए जा रहे गरुड़ जागरूकता अभियान में शनिवार को कोसी कदवा दियारा के मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के करीब 70 छात्र-छात्रों और शिक्षकों को शामिल किया गया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन प्रमंडल, भागलपुर और मंदार नेचर क्लब की ओर से वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेता सिंह की पहल पर शहर के सुंदरवन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें भागलपुर के वन क्षेत्र पदाधिकारी राजेश कुमार का सम्पूर्ण सहयोग रहा।
Total Downloads: 166
कार्यक्रम में मुख्य विषय वस्तु यह रहा कि पुराने लोग तो यहां गरुड़ संरक्षण के विगत दो दशकों के इतिहास से परिचित हैं। मगर नई पीढ़ी तो यहां गरुड़ की प्रजातियों, उनके महत्व और व्यवहार से उतनी परिचित नहीं है। भविष्य के लिए इन बच्चों को भी अभी से मुख्य धारा में लाना आवश्यक है। गरुड़ पर बनी लगभग आधे घंटे की फिल्म के माध्यम से इन बच्चों को गरुड़ के वैश्विक महत्व, उनकी अद्यतन स्थिति के साथ शुरुआत से लेकर अब तक यहां के किसानों और अन्य स्थानीय समुदाय के लोगों द्वारा किये गए प्रयासों के बारे में बताया गया।
जिस प्रयास की बदौलत ही 2007 में इनकी 78 की संख्या अब 600 से अधिक हो गई है। कार्यक्रम का संचालन मंदार नेचर क्लब के संस्थापक अरविंद मिश्रा और वन विभाग के वन्य जीव चिकित्सक डॉ. संजीत कुमार ने किया। मौके पर शिक्षक मुकेश चौधरी, वतन कुमार, मो. अख्तर, राजीव कुमार, दीपक कुमार, विनय कुमार, मो. मुमताज और मो. अरसद सहित वनरक्षी अनुराधा सिंहा, प्रियंका कुमारी आदि ने पूरे कार्यक्रम में सहयोग किया।

