कोरोना के बढ़ते मरीजों के बाद नवगछिया अनुमंडल प्रशासन अलर्ट है। रविवार देर शाम एसडीओ अखिलेश कुमार ने एसडीपीओ और जवानों के साथ मास्क जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना मास्क लगाए बिजली कंपनी के जेई सहित 50 लोग बिना मास्क के पकड़े गए। सभी से पुलिस ने 2500 रुपए जुर्माना वसूला। एसडीओ ने दुकानदारों और आम लोगों को चेतावनी दी कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। दुकानदारों से कहा कि खुद मास्क लगाएं और बिना मास्क पहने आए ग्राहकों को सामान न दें। मॉल संचालकों को से कहा कि बिना मास्क वे बिलिंग ही न करें। इस दौरान महाराज जी चौक पर बिना मास्क एक युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एसडीओ ने कहा कि पूरे देश में कोरोना की दूसरी लहर है। नवगछिया में भी 14 नए मामले सामने आए हैं। ऐसी स्थिति में लोग मास्क का उपयोग करें और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें।
अनुमंडल में सात स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात
अनुमंडल में कोरोना गाइडलाइन का पालन सख्ती से हो इसको लेकर सात स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अफसरों की तैनाती की गई है। इसमें गोशाला रोड, स्टेशन रोड, बस स्टैंड, लाल जी मिडिल स्कूल सिंघिया मकनपुर, खरीक बाजार चौक, बिहपुर स्टेशन रोड, भवानीपुर ओपी चौक शामिल हैं।एसडीओ ने कहा कि देखा जा रहा है कि अधिकांश लोग बिना मास्क के ही घर से बाहर निकल जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा है। इसको लेकर चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को 12 अप्रैल तक दोपहर 12 बजे से चार बजे तक जांच करने का निर्देश दिया है।

नवगछिया में इस माह अब तक नहीं मिला कोई मरीज
अनुमंडल अस्पताल में इस माह अब तक 600 से अधिक लोगों की कोरोना जांच की गई है। राहत की बात है कि अब तक एक भी नया मरीज नहीं मिला है। हालांकि 150 से अधिक लोगों का आरटीपीसीआर किया गया है, जिनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। अनुमंडल में फिलहाल 14 एक्टिव केस हैं। सभी पीएचसी में कोरोना जांच की संख्या में बढ़ोतरी की गयी है। रंगरा पीएचसी में भी 150 लोगों का सैंपल लिया गया है।


