नवगछिया । परबत्ता थाना के गरैया के पास बाइक दुर्घटना में खैरपुर कदवा निवासी अर्चना देवी (33) पति ओमप्रकाश मिश्र की मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार सुमित कुमार और महिला के पुत्र रौशन कुमार घायल हो गए। रौशन को मामूली चोट लगी है जबकि सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल है। जिनका मायागंज अस्पताल भागलपुर में इलाज चल रहा है। घटना गुरुवार रात्रि के डेढ़ बजे की बताई जा रही है।
Total Downloads: 79
बाइक पर सवार रौशन कुमार अपनी मां अर्चना देवी और पड़ोसी सुमित कुमार को लेकर अपने घर खैरपुर कदवा जा रहा था। रौशन बाइक चला रहा था। गरैया खगड़ा के पास विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर बाइक के एकाएक गड्ढे में जाने पर महिला सड़क पर फेंका गयी और उसका सिर एक बड़े पत्थर से टकरा गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसका सिर और चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया था। पुत्र रौशन ने अपनी घायल मां को अनुमंडल अस्पताल लाया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी थी। वहीं सुमित कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायगंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
शराबी पति को छुड़ाने गयी अर्चना दुनिया से हुई विदा
अर्चना देवी अपने शराबी पति को छुड़ाने भागलपुर गयी थी और सदा के लिए दुनिया से विदा हो गयी। पुत्र रौशन ने बताया कि एक दिन पहले उसके पिता ओमप्रकाश मिश्र को तीन लोगों के साथ शराब पीते हुए उत्पाद विभाग भागलपुर की टीम ने पकड़ा था। पुलिस हिरासत में रहे ओमप्रकाश मिश्र ने एक जमानतदार को लेकर भागलपुर आने को कहा था। उसके बाद पति को छुड़ाने के लिए एक जमानतदार लेकर बेटे के साथ अर्चना देवी भागलपुर गयी थी। वहां से वे लोग देर रात घर आ रहे थे कि गरैया के पास घटना घट गई। परबत्ता पुलिस ने शव का अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।

महिला की मौत के बाद बच्चे हुए अनाथ
सड़क दुर्घटना में महिला अर्चना देवी की मौत के बाद तीन बच्चे अनाथ हो गए। तीन पुत्र त्रिभुवन, त्रिदेव और रौशन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।
