नवगछिया । बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को 152 बिहपुर और 153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के बीच मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दिनभर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों की 2 सीटों पर सभी प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनका भाग्य अब ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है। इनमें प्रमुख दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी-अपनी जीत को लेकर आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं।
उत्साह से भरे रहे मतदाता, महिलाओं की रही अहम भूमिका
सुबह के समय धीमी रफ्तार से शुरू हुआ मतदान दोपहर तक रफ्तार पकड़ता गया। गांवों से लेकर शहरी इलाकों तक महिलाओं और प्रथम बार वोट देने वाले युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई बूथों पर महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक देखी गई। चुनाव को लेकर प्रशासन की सख्त निगरानी के कारण मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

प्रत्याशियों में जोड़-घटाव का दौर शुरू
मतदान संपन्न होने के बाद सभी प्रत्याशी अब जोड़-घटाव और बूथवार समीकरणों के हिसाब-किताब में जुट गए हैं। प्रत्याशी अपने पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं से यह जानकारी ले रहे हैं कि किस क्षेत्र से उन्हें कितना समर्थन मिला। कई प्रत्याशियों ने दावा किया है कि जनता ने विकास और सुशासन के नाम पर उन्हें वोट दिया है।
14 नवंबर को खुलेगा ईवीएम का ताला
अब सबकी निगाहें 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसी दिन यह तय होगा कि गोपालपुर और नवगछिया की जनता ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है। चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रहे हैं। वहीं आम जनता परिणाम को लेकर उत्सुक है कि आखिर किसके सिर चढ़ेगा जीत का सेहरा। बिहपुर, नारायणपुर, खरीक, रंगरा, नवगछिया, गोपालपुर और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय अब यही है कि कौन प्रत्याशी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और क्षेत्र के विकास की दिशा तय करेगा।

