नवगछिया। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोपालपुर इलाके में बुधवार की शाम जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के रोड शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उनके काफिले की दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसी जाम में एक एम्बुलेंस फंस गई, जिसमें सवार मरीज की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अगर जाम नहीं लगता तो मरीज की जान बचाई जा सकती थी।

यह जाम खगड़िया से पूर्णिया जाने वाली सड़क पर मिलन चौक के पास लगा था। प्रशांत किशोर उस समय गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी मंटू सिंह के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। शाम करीब 5 बजे शुरू हुए इस रोड शो में 50 से अधिक गाड़ियां और करीब 2000 लोग शामिल थे।

काफिले में दो गाड़ियों की टक्कर से मचा हड़कंप

करीब ढाई किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद काफिले की दो गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों ओर से गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी बीच, पूर्णिया से खगड़िया जा रही एक एम्बुलेंस इस जाम में फंस गई। उसमें एक गंभीर मरीज सवार था। मरीज के परिजनों ने बताया कि वे करीब 45 मिनट तक जाम में फंसे रहे, इसी दौरान मरीज ने दम तोड़ दिया। बाद में जब जाम धीरे-धीरे खुला, तो एम्बुलेंस आगे बढ़ गई।

जाम के बीच प्रशांत किशोर का जनसंपर्क जारी

हादसे और जाम के बावजूद प्रशांत किशोर का रोड शो जारी रहा। वे अपनी गाड़ी से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे और समर्थकों को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते रहे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि “मोदी ने बिहार से वोट लिए, लेकिन फैक्ट्री सूरत में लगवाईं। लालू और नीतीश ने बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया है। पिछले 35 साल में बिहार का नौजवान अपने ही घर में बेगाना हो गया है।”

स्थानीय प्रशासन सतर्क, जाम हटाने में लगी पुलिस

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और जाम हटवाया। हालांकि देर शाम तक प्रशासन की ओर से एम्बुलेंस में मरीज की मौत पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया था

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *