नवगछिया। नवगछिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। असम से लौट रहे नालंदा जिले के मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने बुधवार दोपहर भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Total Downloads: 163
मृतक की पहचान नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव निवासी स्व. नंदू मांझी के पुत्र सूरज मांझी (30) के रूप में हुई है। सूरज के पांच बच्चे हैं — तीन बेटे और दो बेटियां।
नवगछिया स्टेशन पर उतरते समय हुआ हादसा
मृतक के भाई सुमन मांझी ने बताया कि सूरज असम से अपने बेटे किशन के साथ ट्रेन से नालंदा लौट रहे थे। नवगछिया स्टेशन पर कुछ सामान लेने के लिए सूरज ट्रेन से नीचे उतरे थे। तभी ट्रेन चल पड़ी, और वापस चढ़ने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया। वे पटरी पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह परिवार से वीडियो कॉल पर की आखिरी बात
हादसे के बाद नवगछिया जीआरपी पुलिस ने घायल सूरज को भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार सुबह उन्होंने मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए अपने परिजनों से बात की, लेकिन दोपहर बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेटे को सुरक्षित घर भेजा गया
ट्रेन में रह गए सूरज के बेटे किशन को टीटीई और आरपीएफ की मदद से सुरक्षित नालंदा स्थित घर भेज दिया गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवगछिया स्टेशन पर देर रात ऐसे हादसे अक्सर होते हैं, जहां यात्री उतरने-चढ़ने के दौरान असंतुलित होकर गिर जाते हैं।
